Travel Tips: UP के इस शहर में बना है एशिया का सबसे बड़ा पार्क, रख-रखाव में आता है करोड़ों रुपए का खर्च

भारत का हर कोना किसी ना किसी रंग से भरा हुआ है। भारत के हर राज्य को प्रकृति का आशीर्वाद मिली है। देश में तमाम ऐसे पार्क हैं, जिनकी प्राकृतिक सुंदरता किसी का भी मन मोह सकती है। वैसे तो आपने अपने शहर में कई खूबसूरत पार्क देखे होंगे। लेकिन आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको एशिया के सबसे बड़े पार्क के बारे में बताने जा रहे हैं। यह पार्क उत्तर प्रदेश में हैं। यहां पर आपको तरह-तरह के फूलों से लेकर मछलियां आदि तक देखने को मिल जाएंगी। आपको इस पार्क में ऐसी कई चीजें देखने को मिलेंगी जो शायद आपने अन्य पार्कों में ना देखी हों। 

जनेश्वर मिश्र पार्क 
आपको बता दें कि यहां पर एशिया के सबसे बड़े पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क के बारे में बात कर रहे हैं। नवाबों के शहर लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन के 376 एकड़ के एरिया में यह पार्क फैला हुआ है। साल 2014 में यह पार्क बनकर तैयार हुआ था। जनेश्वर मिश्र पार्क में आपको कई तरह के पक्षी की प्रजातियां देखने को मिलेंगी। इस पार्क की सुंदरता को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।

गोंडोला नाव का मजा
जनेश्वर मिश्र पार्क में आप गोंडोला नाव का भी लुत्फ उठा सकते हैं। इस नाव की शुरूआत इटली के वेनिस शहर से हुई थी। इस नाव को बनाकर तैयार करने में एक अलग तरह की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं गोंडोला नाव का आकार भी अन्य नावों से अलग होता है। माना जाता है कि गोंडोला नाव लगातार 20 साल तक पानी में रहने के बाद भी खराब नहीं होती है। इस एक नाव की कीमत करीब 16 लाख रुपए है।

वॉटर स्क्रीन शो
जनेश्वर मिश्र पार्क का वॉटर स्क्रीन शो देखने लायक होता है। पार्क में पानी की सतह पर डिजिटल उपकरण से रंग-बिरंगे नजारों को उकेरा जाता है। फिर शो में तस्वीरें हवा में तैरती हुई नजर आती हैं। पानी पर लगी रंग-बिरंगी तस्वीरें लोगों को हैरत में डाल देती हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस पार्क के रखरखाव में हर साल सरकार 20 करोड़ रुपए तक खर्च करती है।

पार्क का कहानी घर
इस पार्क में आपको कहानी घर भी देखने को मिलेगा। कहानी घर को 700 मीटर लंबा बनाया गया है। इसके अंदर डिजिटल चीजों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा यहां पर एक बहुत सुंदर सेल्फी प्वाइंट भी है। जो इंजन के पास स्थित है। इसके साथ ही इस पार्क में आपको रेलवे का हेरिटेज इंजन देखने को मिलेगा। गुजरात से खास इस इंजन को मंगाया गया था। इस इंजन को स्थापित करने में 2 करोड़ 35 लाख रूपए खर्च हुए थे।

यहां बनेगा जुरासिक पार्क
जनेश्वर मिश्र पार्क में जल्द ही स्केटिंग के शौकीनों के लिए स्केटिंग फील्ड बनाकर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पार्क में स्‍क्रैप से जुरासिक पार्क भी तैयार होगा। जुरासिक पार्क में एक साथ 40 लोग 3D की तर्ज पर रोचक चीजों का मजा ले सकेंगे। इस पार्क में आप बोटिंग, फुटबॉल का मैदान, कैंटीन और साइकिल ट्रेक का लुत्फ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में पार्क में 7D फिल्में दिखाई जाएंगी। जिसके लिए मोशन चेयर थिएटर बनाया जा रहा है। पार्क में घूमने आने वाले लोगों को रामायण, महाभारत के साथ-साथ कृष्ण लीलाएं भी दिखाई जाएंगी।