Travel Tips: गर्मी से हो गए हैं परेशान तो इन जगहों पर बनाएं घूमने का प्लान, जून-जुलाई में भी कम रहता है तापमान

गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोग ठंडी जगहों पर जाने का प्लान बनाने लगते हैं। गर्मियों में बच्चों के भी स्कूल की छुट्टियां हो जाती हैं। ऐसे में माता-पिता पहले से ही ट्रिप प्लान कर लेते हैं। ऐसे में अगर आप भी गर्मी में कहीं ऐसी जगह जाने का प्लान बना रहे हैं जो ठंडी जगहें हों, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जो जून-जुलाई के महीने में भी काफी ठंडी रहती हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में...

केदारनाथ
चार धाम की यात्रा में केदारनाथ का अपना विशेष स्थान है। एक समय पर केदारनाथ की यात्रा करना काफी कठिन था। लेकिन वर्तमान समय में केदारनाथ पहुंचना आसान है। हर साल यहां पर लाखों की संख्या में भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन करने उत्तराखंड पहुंचते हैं। उत्तराखंड में स्थिति इस जगह में भगवान शिव वास करते हैं। बता दें कि भारत में 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक लिंग केदारनाथ भी है। जून-जुलाई के महीने में आप भी बच्चों और परिवार के साथ केदारनाथ दर्शन के लिए जा सकते हैं। जून के महीने में यहां का मिनिमम तापमान करीब 4-12 डिग्री के आसपास होता है।

स्पीति वैली
अगर आप भी गर्मियों में किसी ठंडी जगह जाने का प्लान बना रहे हैं तो स्पीति वैली सबसे अच्छा ऑप्शन है। यहां पर आर सूरज ताल, चंद्रताल, धंकार मोनेस्ट्री और कुंजुम पास जैसी कई जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। जून के महीने में भी यह जगह बर्फ से ढकी होती है। ऐसे में हो सकता है जब आप यहां पर घूमने जाएं तो यहां पर आपको बर्फ की सफेद चादर देखने को मिले। कई बार इस जगह का तापमान -2 डिग्री भी पहुंच जाता है।

सोनमर्ग
अगर आपने अभी तक कश्मीर नहीं देखा है तो आपको गर्मियों में यहां पर घूमने का प्लान जरूर बनाना चाहिए। अप्रैल से जून के महीने में घूमने के लिए सोनमर्ग सबसे अच्छी जगह है। जून-जुलाई के महीने में यहां का टेंपरेचर 7-12 डिग्री तक होता है। यहां पर आप बच्चों के साथ शिकारा बोट राइड का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके साथ ही आप सोनमर्ग में गंडोला राइड, जीफ सफारी, फेमस ट्यूलिप्स गार्डन, म्यूजियम आदि भी घूम सकते हैं। यहां पर आप कश्मीरी कुजीन का आनंद और असली पशमीना शॉल की खरीददारी कर सकते हैं।

कल्पा
अगर आप हिमाचल प्रदेश में शिमला और सोलांग घूमकर बोर हो चुके हैं। तो बता दें कि इस गर्मी में आप छुट्टी मनाने के लिए किन्नौर के कल्पा गांव आ सकते हैं। कल्पा गांव में आप सतलज नदी के किनारे फैमिली रिजॉर्ट बुक कर सकते हैं। यहां पर आप खूबसूरत मोनेस्ट्री के साथ-साथ मंदिरों के दर्शन भी कर सकते हैं। इस जगह पर आप बच्चों को सेब के बागान दिखा सकते हैं। बता दें कि इस गांव में मिनिमट टेंपरेचर 7 डिग्री तक रहता है।

सेला पास
अगर आप अपने परिवार के साथ हिमाचल और उत्तरांखड के अलावा कहीं और जाना चाहते हैं तो आप नॉर्थ ईस्ट की सैर कर सकते हैं। बता दें कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग से 78 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह जगह ज्यादा एक्सप्लोर नहीं की गई है। अगर आप भी भीड़बाड़ से दूर किसी शांत जगह की तलाश कर रहे हैं तो अरुणाचल प्रदेश का तवांग शहर और सेला पास दर्रा सबसे बढ़िया ऑप्शन है। यहां पर आप ट्रेल हाइकिंग का आनंद ले सकते हैं। साथ ही झीलों के पास पिकनिक का आनंद उठा सकते हैं। जून के महीने में यहां का टेंपरेचर काफी कम रहता है।